बनमाकड़ी में कल्याण अस्पताल का औचक निरीक्षण, ग्रामीणों की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

SHARE:

Jamshedpur:पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांदा प्रखंड अंतर्गत बनमाकड़ी गांव में गुरुवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने विकास भारती संस्था द्वारा संचालित कल्याण अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सीय सुविधाओं, ओपीडी संचालन, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपस्थिति, दवा वितरण प्रणाली, जांच सुविधाओं तथा साफ-सफाई एवं सेनेटाइजेशन व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने अस्पताल प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिया कि मरीजों को बेहतर और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अनुभवी चिकित्सकों की नियमित प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने तथा जांच सुविधाओं को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के अस्पतालों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके बाद उपायुक्त ने बनमाकड़ी गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया। इस दौरान ग्रामीणों ने पेयजल संकट, जर्जर कच्ची सड़क, हाथियों के आतंक और अन्य स्थानीय समस्याओं को खुलकर सामने रखा। ग्रामीणों की बातों को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने मौके पर ही पंचायत सचिव एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी को संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं और बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनसमस्याओं के निराकरण में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी और सभी विभागों की जवाबदेही तय की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी डांगुर कोराह, पंचायत प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें