टुइलाडुंगरी शीतला माता मंदिर में जश गायन मंडली की धूम, चैत्र नवरात्रि महोत्सव में भक्ति का उमड़ा सैलाब

SHARE:

Jamshedpur:टुइलाडुंगरी स्थित श्री श्री शीतला माता मंदिर में आयोजित चैत्र नवरात्रि ज्वारा महोत्सव में छत्तीसगढ़ से आई जश गायन मंडली इन दिनों श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। भक्ति गीतों और जश गान से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा है।

जय मां कालिका सेवा भजन मंडली, ग्राम सुखरी, राजनांदगांव (छत्तीसगढ़) से पहुंचे कलाकारों की टीम पारंपरिक जश गीतों के माध्यम से माता की आराधना कर रही है। मंडली का नेतृत्व मुख्य गायक बनवारी यादव कर रहे हैं। उनके साथ हरी राम (कोरस), कमल यादव (नाल), राहुल यादव (पैड), डिगेश्वर साहू (तबला), विजय यादव (बैंजो), उमेन्द्र यादव (शहनाई/आर्गन), पन्ना निषाद (सहयोगी गायक) एवं दुर्गा साहू (गायिका व कोरस) अपनी प्रस्तुति दे रहे हैं।

महोत्सव की परंपरा के अनुसार नौ दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में प्रतिदिन संध्या आरती के पश्चात जश गीत और देवता पार गीत गाए जाते हैं। मान्यता है कि इन भजनों से माता प्रसन्न होकर अपने भक्तों पर कृपा बरसाती हैं और जिन परिवारों में माता का स्थान होता है, वहां के श्रद्धालु भक्ति में लीन हो जाते हैं।

टुइलाडुंगरी में हर वर्ष छत्तीसगढ़ से जश गायन मंडलियों का आगमन होता है, जो अपने भक्ति संगीत से श्रद्धालुओं में उत्साह और आस्था का संचार करते हैं।

मंदिर समिति के अनुसार गुरुवार को दोपहर 3 बजे से हवन का आयोजन किया जाएगा, जिसके पश्चात महिलाओं के लिए माता का पट दर्शन हेतु खोला जाएगा।

Leave a Comment

और पढ़ें