Chaibasa:बड़ी बाजार स्थित रोरो नदी के पास राष्ट्रीय उच्च पथ पर बनी पुलिया की जर्जर स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। पुलिया का ढांचा धीरे-धीरे क्षतिग्रस्त होता जा रहा है और ढलाई के अंदर की लोहे की छड़ तक बाहर दिखाई देने लगी है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पुलिया पर बने गड्ढों के कारण विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग असंतुलित होकर गिर चुके हैं और चोटिल भी हुए हैं, बावजूद इसके अब तक मरम्मत की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
इस गंभीर समस्या को लेकर भाजपा पिछड़ा जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री हेमंत कुमार केशरी ने संबंधित विभाग से जल्द कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह मार्ग काफी व्यस्त है और यहां से प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। ऐसे में पुलिया की खराब स्थिति आम लोगों की जान के लिए खतरा बन चुकी है।
उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि जल्द से जल्द पुलिया की मरम्मत कराई जाए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।








