Jamshedpur: मानगो नगर निगम में नव निर्वाचित डिप्टी मेयर राहुल कश्यप ने बुधवार को मेयर सुधा गुप्ता से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान शहर के समग्र विकास, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और आगामी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में नगर निगम के विभिन्न कार्यों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही अलग-अलग वार्डों में चल रही विकास योजनाओं, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल संकट, सड़क और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाने पर खास चर्चा हुई। इसमें पानी के टैंकरों की संख्या बढ़ाने, पाइपलाइन व्यवस्था को दुरुस्त करने और जल संकट से निपटने के लिए प्रभावी योजना तैयार करने पर सहमति बनी।
डिप्टी मेयर राहुल कश्यप ने मेयर के नेतृत्व में हो रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मानगो के विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों का समन्वय और एकजुट प्रयास जरूरी है। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक सहयोग से नगर निगम नई ऊंचाइयों को छू सकता है।
वहीं मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का त्वरित और स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी पार्षदों और अधिकारियों से मिलकर काम करने का आह्वान किया।
इस मौके पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने इसे मानगो को एक आदर्श नगर निगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की बैठकें बेहतर तालमेल और विकास कार्यों को गति देने में सहायक होंगी। मुलाकात में उपेंद्र सिंह मस्तान सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।









