बोड़ाम में अधूरा कस्तूरबा बालिका विद्यालय जल्द पूरा हो: मंगल कालिंदी ने सदन में उठाई मांग

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Ranchi: जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के बोड़ाम प्रखंड में तीन वर्षों से अधूरा पड़ा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का निर्माण कार्य अब विधानसभा तक पहुंच गया है। जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने झारखंड विधानसभा के पंचम (बजट) सत्र के शून्यकाल के दौरान इस गंभीर मुद्दे को उठाते हुए सरकार से जल्द कार्रवाई की मांग की।

सदन में अपनी बात रखते हुए विधायक ने बताया कि बोड़ाम प्रखंड के भुला पंचायत भवन के समीप कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का निर्माण कार्य पिछले तीन वर्षों से अधूरा पड़ा है। इस कारण क्षेत्र की बालिकाओं को पढ़ाई के लिए सुंदरनगर जाना पड़ रहा है, जिससे उन्हें आवास, आवागमन और सुरक्षा से जुड़ी कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

विधायक ने इसे छात्राओं के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण मामला बताते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को शिक्षा के लिए इतनी कठिनाइयों से गुजरना पड़ना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि निर्माण कार्य को प्राथमिकता देते हुए जल्द से जल्द पूरा कराया जाए, ताकि स्थानीय स्तर पर ही बालिकाओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधा मिल सके।

मंगल कालिंदी ने स्पष्ट किया कि यह केवल एक भवन निर्माण का मामला नहीं, बल्कि क्षेत्र की बेटियों के शिक्षा और सुरक्षा का सवाल है। अब देखना होगा कि सरकार इस मांग पर कितनी शीघ्रता से अमल करती है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.