जुगसलाई नगर परिषद की नई अध्यक्ष बनीं नौशीन खान, डीसी ने दिलाई शपथ

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur:जुगसलाई नगर परिषद में नेतृत्व परिवर्तन के साथ विकास की नई उम्मीदें जाग उठी हैं। नवनिर्वाचित अध्यक्ष नौशीन खान ने मंगलवार को आधिकारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया।

जुगसलाई प्रखंड कार्यालय में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी करण सत्यार्थी ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान नगर परिषद के सभी 22 वार्ड सदस्यों को भी विधिवत शपथ दिलाई गई।

शपथ लेने के बाद अध्यक्ष नौशीन खान ने जुगसलाई की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता नगर परिषद क्षेत्र का सर्वांगीण विकास, बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना होगा।

उन्होंने कहा कि सभी वार्ड सदस्यों के साथ समन्वय बनाकर टीम भावना से कार्य किया जाएगा, ताकि जुगसलाई को विकास की नई दिशा दी जा सके और हर वार्ड में समान रूप से विकास पहुंच सके।

समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं वार्ड सदस्यों को बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे, जिससे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.