Adityapur Municipal Election आदित्यपुर नगर निकाय चुनाव: वार्ड 29 में अर्चना सिंह की शक्ति प्रदर्शन पदयात्रा, दिखा जनसमर्थन का सैलाब

SHARE:

आदित्यपुर :- नगर निकाय चुनाव के अंतिम दिन वार्ड संख्या 29 से पार्षद पद की प्रत्याशी अर्चना सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों समर्थकों ने भव्य पदयात्रा निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। पदयात्रा के दौरान समर्थकों ने वार्ड के गली-मोहल्लों में घूमकर मतदाताओं से अर्चना सिंह के पक्ष में मतदान करने की अपील की। पदयात्रा शुरू होते ही पूरा इलाका नारों और उत्साह से गूंज उठा। इस दौरान बड़ी संख्या में बुजुर्ग, महिलाएं, युवा और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। कई स्थानों पर महिलाओं ने आरती उतारकर और पुष्पवर्षा कर प्रत्याशी का गर्मजोशी से स्वागत किया, जिससे माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंग गया। पदयात्रा के क्रम में अर्चना सिंह अपने पति मनमोहन सिंह एवं समर्थकों के साथ वार्ड के विभिन्न मंदिरों में पहुंचीं और भगवान का आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि उनकी सास दिवंगत राजमणि देवी द्वारा तैयार किए गए विकास रोडमैप को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता होगी। अर्चना सिंह ने मतदाताओं से अलमारी छाप के क्रमांक पर वोट देने की अपील करते हुए कहा कि पदयात्रा के दौरान मिले भारी समर्थन से उनका आत्मविश्वास और मजबूत हुआ है।
उन्होंने कहा, “वार्ड 29 की जनता ने जो प्यार और भरोसा दिया है, उसके लिए मैं आभारी हूं। जीत के बाद वार्ड के समग्र विकास के लिए पूरी निष्ठा से काम करूंगी।” पदयात्रा में शामिल समर्थकों ने अर्चना सिंह को भारी मतों से विजयी बनाने का संकल्प लिया। पदयात्रा का समापन एक भव्य सभा के साथ हुआ, जहां प्रत्याशी ने उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment

और पढ़ें