नोवामुंडी में दर्दनाक सड़क हादसा: कॉलेज की व्याख्याता प्रतिभा सोमकुंवर की ट्रक की चपेट में आने से मौत

SHARE:

Noamundi: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा, नोवामुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में नोवामुंडी कॉलेज की अंग्रेजी विभाग की व्याख्याता प्रतिभा टीकारामजी सोमकुंवर (42 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा नोवामुंडी–बड़ाजामदा मुख्य सड़क पर डीवीसी स्थित जोजोकैम्प बाईपास मार्ग के समीप हुआ। प्रतिभा सोमकुंवर क्लास समाप्त कर अपने स्कूटी (संख्या JH 06 U 5135) से टॉप कैंप कॉलोनी स्थित आवास लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ी और ट्रक चालक उन्हें कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला का बायां पैर और सिर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था। हेलमेट सड़क से कुछ दूरी पर गिरा मिला।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। कॉलेज के सहकर्मियों ने पहचान कर तत्काल सहायता का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। बाद में उन्हें इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

प्रतिभा सोमकुंवर, टाटा स्टील फाउंडेशन में हेड इम्पैक्ट क्लस्टर के पद पर कार्यरत अधिकारी की पत्नी थीं और लंबे समय से नोवामुंडी कॉलेज में अंग्रेजी विभाग में व्याख्याता के रूप में सेवाएं दे रही थीं। उनकी असामयिक मृत्यु से शैक्षणिक जगत और टाटा स्टील से जुड़े अधिकारियों में गहरा शोक व्याप्त है।

सूचना पाकर नोवामुंडी थाना की एसआई पूर्णिमा कुमारी और पुलिस पदाधिकारी अभिनव कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। फरार ट्रक और चालक की तलाश में पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा जांच जारी है।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर क्षेत्र में बेलगाम रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने और दोषी वाहन चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

Leave a Comment