बाईहातु गांव में तीन दिवसीय फुटबॉल एवं खेलकूद प्रतियोगिता का समापन, जोजोगुटू टीम ने मारी बाजी

SHARE:

Guwa:सेल के गुवा प्रबंधन द्वारा कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) योजना के अंतर्गत बाईहातु गांव में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल एवं खेलकूद प्रतियोगिता का समापन शुक्रवार को उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और खेल के प्रति युवाओं में रुचि बढ़ाना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चंद्रभूषण कुमार (मुख्य महाप्रबंधक, गुवा) थे। उनके साथ महाप्रबंधक (कॉन्ट्रैक्ट) बी.के. सुमन, महाप्रबंधक आर.के. बंगा एवं डीजीएम (सीएसआर) अनिल कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में जोजोगुटू टीम और बाईहातु गांव की टीम आमने-सामने हुईं। रोमांचक मुकाबले में मध्यांतर से पहले जोजोगुटू टीम ने एकमात्र गोल दागकर बढ़त बना ली और अंत तक 1-0 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
महिला वर्ग के फाइनल में भी जोजोगुटू और बाईहातु टीम के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। निर्धारित समय तक कोई गोल नहीं होने पर पेनाल्टी शूटआउट का सहारा लिया गया, जिसमें जोजोगुटू टीम ने 5-4 से जीत हासिल कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा फुटबॉल में किक मारकर की गई। मुख्य अतिथि चंद्रभूषण कुमार ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल में जीत और हार दोनों का समान महत्व है। उन्होंने हारने वाली टीमों से निराश न होकर अगले वर्ष बेहतर तैयारी के साथ लौटने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि गुवा सेल प्रबंधन प्रतिवर्ष ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित करता है तथा खिलाड़ियों को खेल सामग्री, जर्सी और फुटबॉल उपलब्ध कराकर प्रोत्साहित करता है।
समापन अवसर पर विजेता और उपविजेता टीमों को कप प्रदान कर सम्मानित किया गया। अन्य खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भी पुरस्कार दिए गए।
इस मौके पर पूर्व जिला परिषद सदस्य बामिया मांझी, समाजसेवी राजेश सांडिल, सोनाराम मांझी, देवाशीष चक्रवर्ती, रेफरी राजू गोप, लाइनमैन कानू राम सिद्धू, विजय सिद्धू सहित आसपास के गांवों के अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें