मानगो और जुगसलाई में विधायक पूर्णिमा साहू का डबल मोर्चा, संध्या सिंह और रिंकू सिंह के लिए मांगा समर्थन

SHARE:

Jamshedpur:नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी के बीच जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने शुक्रवार को मानगो और जुगसलाई—दोनों क्षेत्रों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाकर चुनावी माहौल को और तेज कर दिया।
मानगो में संध्या सिंह के समर्थन में घर-घर संपर्क
मानगो नगर निगम चुनाव के तहत विधायक ने भाजपा-एनडीए समर्थित मेयर प्रत्याशी संध्या सिंह के पक्ष में दाईगुट्टू, बड़ा हनुमान मंदिर क्षेत्र, सरदुल फैक्टरी, शिव मंदिर लाइन, दीपा साई, धोबी लाइन, साव लाइन और झण्डा सिंह मध्य विद्यालय क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क किया।
घर-घर पहुंचकर उन्होंने मतदाताओं से 23 फरवरी को क्रम संख्या 10 के कैमरा छाप पर मुहर लगाकर संध्या सिंह को विजयी बनाने की अपील की। अभियान के दौरान स्थानीय लोगों का उत्साह और समर्थन स्पष्ट रूप से प्रत्याशी के पक्ष में दिखाई दिया।
विधायक ने कहा कि मानगो के सर्वांगीण विकास, पारदर्शी और जवाबदेह नगर प्रशासन तथा लंबित मूलभूत समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए संध्या सिंह को भारी मतों से विजयी बनाना आवश्यक है। उन्होंने स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर मानगो के निर्माण के लिए भाजपा-एनडीए को समर्थन देने की अपील की।
इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष गुंजन यादव, मानगो मंडल अध्यक्ष बिनोद राय, अमित अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जुगसलाई में रिंकू सिंह के पक्ष में अपील
मानगो के बाद विधायक पूर्णिमा साहू ने जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में भी भाजपा-एनडीए समर्थित अध्यक्ष प्रत्याशी रिंकू सिंह के समर्थन में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया।
साहू गली, रजक समाज क्षेत्र, रथ गली, तेल मिल, नया बाजार और बोरा पट्टी सहित कई इलाकों में घर-घर जाकर उन्होंने मतदाताओं से मुलाकात की। इस दौरान रिंकू सिंह भी उनके साथ मौजूद रहीं।
विधायक ने नागरिकों से 23 फरवरी को क्रम संख्या 8 के ईंटे छाप पर मुहर लगाकर रिंकू सिंह को विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जुगसलाई के सुनियोजित विकास, पारदर्शी प्रशासन और बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए भाजपा-एनडीए प्रत्याशी को समर्थन देना जरूरी है।
अभियान में पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार, अनिल मोदी, हन्नु जैन समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
चुनावी विश्लेषकों का मानना है कि विधायक का यह डबल मोर्चा अभियान भाजपा-एनडीए के पक्ष में संगठनात्मक मजबूती का संकेत है। अब देखना होगा कि 23 फरवरी को मतदाता किसके पक्ष में अपना जनादेश देते हैं।

Leave a Comment