Jamshedpur:झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। प्रत्याशी एवं वर्तमान वाइस चेयरमैन राजेश कुमार शुक्ला ने शुक्रवार को सरायकेला और चाईबासा जिला बार संघों का तूफानी दौरा कर अधिवक्ताओं से समर्थन की अपील की।
सबसे पहले उन्होंने सरायकेला जिला बार संघ पहुंचकर अधिवक्ताओं से मुलाकात की। यहां उनका भव्य स्वागत शॉल ओढ़ाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। अधिवक्ताओं ने गर्मजोशी के साथ उनका अभिनंदन करते हुए आगामी चुनाव में समर्थन का भरोसा दिया।
इस दौरान नगर निकाय चुनाव के सिलसिले में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा से भी शिष्टाचार मुलाकात हुई। सरायकेला जिला बार संघ के पदाधिकारियों ने उनका भी स्वागत किया।
सभा को संबोधित करते हुए राजेश कुमार शुक्ला ने कहा कि वे वर्षों से राज्य के विभिन्न जिला एवं तालुका बार संघों के अधिवक्ताओं से लगातार संपर्क में रहे हैं और आगे भी अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे। उन्होंने बड़ों को प्रणाम और छोटों को स्नेह देते हुए सभी से समर्थन और मत देने की अपील की।
इस अवसर पर जमशेदपुर जिला बार संघ के अधिवक्ता अक्षय कुमार झा, सरायकेला जिला बार संघ के अध्यक्ष प्रभात कुमार, महासचिव देवव्रत जोशी, उपाध्यक्ष केदार अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य भीम सिंह कुदादा समेत कई अधिवक्ता उपस्थित थे।
इसके बाद शुक्ला चाईबासा जिला बार संघ पहुंचे, जहां अध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद और वरिष्ठ अधिवक्ता सुभाष मिश्रा सहित अनेक अधिवक्ताओं ने उनका स्वागत किया। अधिवक्ताओं ने कहा कि वाइस चेयरमैन रहते हुए भी राजेश कुमार शुक्ला राज्य के ऐसे प्रतिनिधि हैं, जो सालभर विभिन्न बार संघों से संवाद बनाए रखते हैं और अधिवक्ताओं के सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं।
कुल मिलाकर, झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव में राजेश कुमार शुक्ला का यह दौरा चुनावी अभियान को नई गति देने वाला माना जा रहा है।









