क्रिकेट प्रतियोगिता में शामिल हुए विधायक मंगल कालिंदी, खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला

SHARE:

Jamshedpur : जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जमशेदपुर प्रखंड के गदड़ा स्थित बालीडुंगरी मैदान में गदड़ा वारियर्स क्लब द्वारा आयोजित तीन दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट “मंगल कालिंदी कप” का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी शामिल हुए और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में एवरग्रीन टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। विधायक ने विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ ₹50,000 की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की। वहीं उपविजेता टीम हिन्दू वारियर्स को ₹35,000 नगद देकर सम्मानित किया गया। मैदान में खेल प्रेमियों की भारी भीड़ मौजूद रही।

खेल हमें शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखता है : मंगल कालिंदी

मौके पर विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि खेल को खेल भावना से खेलना चाहिए। हारने वाले को आगे जीतने के लिए और जीतने वाले को अपनी जीत बरकरार रखने के लिए प्रयासरत रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेलकूद व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखता है। जीवन में किसी न किसी खेल को अपनाना आवश्यक है, जिससे शरीर चुस्त-दुरुस्त बना रहता है और अनुशासन की भावना विकसित होती है।
इस अवसर पर जमशेदपुर प्रमुख पानी सोरेन, बिस्वाजीत भगत, बिरजू पत्रों, मनोज यादव सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Leave a Comment