जुगसलाई नगर परिषद का सिंगल यूज प्लास्टिक व अतिक्रमण के खिलाफ सघन अभियान

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन (संशोधन) नियम 2021 के तहत प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर रोक सुनिश्चित करने को लेकर जुगसलाई नगर परिषद द्वारा गुरुवार को व्यापक जांच-अभियान चलाया गया। यह अभियान कार्यपालक पदाधिकारी श्री संदीप पासवान के निर्देशानुसार नगर परिषद की इनफोर्समेंट टीम द्वारा संचालित किया गया।

अभियान के दौरान स्टेशन रोड गुरुद्वारा से बाबू वीर कुंवर सिंह चौक, सुनील महतो चौक तक तथा एलआईसी बिल्डिंग से काली मंदिर स्टेशन रोड क्षेत्र में स्ट्रीट वेंडर्स, फूल विक्रेता, खुदरा दुकानदारों एवं अन्य व्यवसायियों की जांच की गई। इस क्रम में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग एवं बिक्री करते पाए गए दुकानदारों से जुर्माना वसूलते हुए प्लास्टिक सामग्री जब्त की गई और कड़ी चेतावनी दी गई।

इसके साथ ही बिना ट्रेड लाइसेंस के व्यापार करने वाले दुकानदारों, सड़क एवं नाली पर अतिक्रमण कर सामान रखने वालों, यातायात व्यवस्था बाधित करने वालों, सड़क पर सीएंडडी वेस्ट रखने तथा गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। बकाया होल्डिंग टैक्स एवं वाटर यूजर चार्ज वाले उपभोक्ताओं को शीघ्र बकाया राशि जमा करने का निर्देश दिया गया।

नगर परिषद द्वारा दुकानदारों को निर्देशित किया गया कि वे प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करें, दुकानों का सामान सड़क व नाली के ऊपर न रखें तथा वाहन पीली लाइन के भीतर खड़े न करें। सभी फुटपाथ विक्रेताओं एवं ठेला-खोमचा संचालकों को अपने नियत स्थान पर डस्टबिन रखने और कचरा उसी में डालने को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

विदित हो कि 01 जनवरी 2023 से 120 माइक्रोन से कम मोटाई वाले प्लास्टिक कैरी बैग या उत्पादों का आयात, भंडारण, वितरण, बिक्री एवं उपयोग दंडनीय अपराध है। साथ ही 01 जुलाई 2022 से कई प्रकार के सिंगल यूज प्लास्टिक एवं थर्माकोल उत्पादों पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है।

जुगसलाई नगर परिषद ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्लास्टिक व थर्माकोल के स्थान पर जूट, कागज, कपड़े तथा अन्य बायोडिग्रेडेबल विकल्पों का उपयोग करें और प्लास्टिक मुक्त जुगसलाई अभियान में सहयोग दें। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित दुकानदारों व उपभोक्ताओं के विरुद्ध आर्थिक दंड सहित विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान नगर प्रबंधक राजेंद्र कुमार, राजस्व निरीक्षक राहुल कुमार दास, उमेश प्रजापति, स्पैरो सॉफ्टेक प्राइवेट लिमिटेड के टीम लीडर बुद्धेश्वर मंडल, टैक्स कलेक्टर विजय, गृह रक्षक संतोष कुमार यादव सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें