बर्मामाइन्स में सब्जी–फल विक्रेताओं के हक की लड़ाई तेज: टाटा स्टील की कार्रवाई का जद(यू) ने किया विरोध

SHARE:

Jamshedpur : बर्मामाइन्स ट्यूब गेट के समीप जुस्को जाने वाली सड़क के किनारे वर्षों से लगने वाले सब्जी एवं फल विक्रेताओं के बाजार को हटाने को लेकर एक बार फिर विवाद गहराता नजर आ रहा है। इस बाजार पर सैकड़ों परिवारों की आजीविका निर्भर है, इसके बावजूद टाटा स्टील द्वारा बार-बार दुकानदारों को हटाने, तोड़फोड़ करने और धमकी देने के प्रयास किए जाने का आरोप लगाया गया है।

दुकानदारों ने बताया कि लगभग चार वर्ष पूर्व भी इसी तरह बाजार को हटाने का प्रयास किया गया था, जिसे तत्कालीन विधायक सरयू राय के हस्तक्षेप के बाद रोका गया था और सभी दुकानदारों को पुनः उसी स्थान पर बसाया गया था। अब एक बार फिर सड़क चौड़ीकरण और बाउंड्री वॉल निर्माण के नाम पर दुकानों को हटाने की योजना बनाए जाने से दुकानदारों में आक्रोश व्याप्त है।

इस मुद्दे को लेकर जनता दल (यूनाइटेड) के बर्मा माइन्स मंडल अध्यक्ष श्री बबलू कुमार एवं जद(यू) जिला उपाध्यक्ष श्री दुर्गा राव के नेतृत्व में उग्र लेकिन शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया गया। आंदोलन के दबाव के बाद टाटा स्टील को फिलहाल बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य रोकना पड़ा।

सब्जी एवं फल विक्रेताओं—सविता देवी, रूना देवी, सतीश झा, रूबी देवी, राकेश यादव, रिंकी सिंह, मनीष गुप्ता, अनिल प्रसाद, निरंजन सिंह, बांके लाल यादव, बबलू साह, सरोज सिंह, दीपक सिंह सहित अन्य दुकानदारों ने एक स्वर में मांग की कि जब तक उन्हें किसी वैकल्पिक एवं स्थायी स्थान पर विधिवत रूप से पुनर्वासित नहीं किया जाता, तब तक किसी भी दुकान को नहीं तोड़ा जाए।

जद(यू) नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि दुकानदारों के अधिकार और रोज़गार के साथ अन्याय हुआ, तो सभी दुकानदार एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मिलकर लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह संघर्ष गरीब और मेहनतकश दुकानदारों के सम्मान एवं आजीविका की रक्षा के लिए है और न्याय मिलने तक जारी रहेगा।

Leave a Comment