Jamshedpur:जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित शिव हनुमान मंदिर में देर रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने मंदिर परिसर में रखी तीन दान पेटियों का ताला तोड़कर नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान में जुट गई है।
सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि चोर मंदिर की चहारदीवारी के रास्ते भीतर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने दान पेटियों को उठाया और कुछ दूरी पर ले जाकर ताले तोड़े, फिर नकदी लेकर फरार हो गए। चोरों की हरकतें कैमरे में रिकॉर्ड होने से पुलिस को अहम सुराग मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
घटना की जानकारी सुबह उस समय हुई जब मुन्ना पात्रो मंदिर खोलने पहुंचे। मंदिर के भीतर पहुंचते ही उन्होंने देखा कि दान पेटियां अपनी जगह पर नहीं हैं। तलाश करने पर कुछ दूरी पर टूटी हुई पेटियां मिलीं, जिनमें से नकदी गायब थी। इसके बाद तुरंत मामले की सूचना सीतारामडेरा थाना को दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान एवं गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। मंदिर में चोरी की इस घटना से श्रद्धालुओं में रोष और चिंता का माहौल है।









