शकुंतला महाली ने वापस लिया मेयर पद से नामांकन, झामुमो को दिया समर्थन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : सरायकेला जिले के आदित्यपुर में नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। चुनावी माहौल के बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) को उस वक्त बड़ी मजबूती मिली, जब निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चर्चा में रहीं दिग्गज नेता गणेश महाली की पत्नी शकुंतला महाली ने मेयर पद से अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके साथ ही उन्होंने झामुमो के अधिकृत प्रत्याशी भुगलु सोरेन उर्फ डब्बा सोरेन को खुला समर्थन देने की घोषणा कर दी।

आदित्यपुर की राजनीति में यह फैसला केवल एक नामांकन वापसी नहीं, बल्कि चुनावी समीकरणों को बदलने वाला कदम माना जा रहा है। शकुंतला महाली का यह निर्णय झामुमो के लिए रणनीतिक रूप से अहम है, वहीं विरोधी खेमे में बेचैनी साफ नजर आने लगी है।

नामांकन वापस लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत में शकुंतला महाली ने कहा कि पार्टी की एकता और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की नीतियों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से उन्होंने यह कदम उठाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका यह निर्णय किसी दबाव में नहीं, बल्कि संगठन और राज्यहित को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। बातचीत के दौरान वह भावुक नजर आईं और उनके आंसू छलक पड़े, जिसने माहौल को और संवेदनशील बना दिया।

झामुमो के मेयर प्रत्याशी भुगलु सोरेन उर्फ डब्बा सोरेन ने शकुंतला महाली के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि उनके समर्थन से पार्टी और संगठन को नई मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि यह एकता आने वाले चुनाव में जनता के बीच सकारात्मक संदेश देगी।

इस घटनाक्रम के बाद आदित्यपुर नगर निकाय चुनाव की तस्वीर बदलती हुई नजर आ रही है। राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है और आने वाले दिनों में चुनावी मुकाबला और रोचक होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें