Jamshedpur : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बागूनहातु इलाके में सरकारी जमीन पर कथित अवैध कब्जे और पेड़ों की कटाई को लेकर बस्तीवासियों में भारी आक्रोश है। बस्तीवासियों का आरोप है कि भूमाफियाओं द्वारा जमीन कब्जाने की कोशिश की जा रही है, जबकि इसका विरोध करने पर पुलिस ने अवैध कार्य रोकने के बजाय बस्तीवासियों को ही धमकाया और जेल भेजने की चेतावनी दी।
मामला बागूनहातु बी-ब्लॉक, नामोटोला भारत सेवाश्रम के पास स्थित लगभग 200 फीट के भूखंड से जुड़ा है, जिसे स्थानीय लोग और राइजिंग बॉयज क्लब वर्षों से पूजा-पाठ एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए संरक्षित बताते हैं। बस्तीवासियों के अनुसार वर्ष 2023 से इस भूखंड पर कब्जे की कोशिशें शुरू हुईं और जनवरी 2026 में भूमाफियाओं ने वहां चारदीवारी खड़ी कर दी।
गुरुवार को जब कथित रूप से उक्त भूखंड पर पेड़ काटने की कोशिश शुरू हुई, तो बस्तीवासी विरोध में उतर आए। आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस ने अवैध कटाई रोकने के बजाय राइजिंग बॉयज क्लब के अध्यक्ष विकास हेंब्रम को जबरन जीप में बैठाकर ले जाने का प्रयास किया, जिससे इलाके में हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई।
बस्तीवासियों ने पुलिस और प्रशासन पर भूमाफियाओं के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि स्थानीय निवासी राजू बागती फर्जी दस्तावेज दिखाकर भूमाफिया सामू लोहार के साथ मिलकर जमीन की खरीद-बिक्री में संलिप्त है।
बस्तीवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि
- अवैध रूप से काटे गए पेड़ों की जांच कराई जाए,
- भूमाफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो,
- सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराया जाए,
- पुलिस-प्रशासन की भूमिका की निष्पक्ष जांच की जाए।
फिलहाल बागूनहातु क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और बस्तीवासी न्याय की मांग कर रहे हैं।









