आदित्यपुर नगर निगम चुनाव: वार्ड 29 से अर्चना कुमारी सिंह ने भरा पर्चा

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur:आदित्यपुर नगर निगम चुनाव के तहत वार्ड संख्या 29 से पार्षद पद की प्रत्याशी अर्चना कुमारी सिंह ने मंगलवार को सरायकेला अनुमंडल कार्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी जीत का दावा किया और कहा कि वे अपनी दिवंगत सास राजमणि देवी के अधूरे सपनों को पूरा करने के उद्देश्य से चुनाव मैदान में उतरी हैं।
अर्चना सिंह ने कहा कि उनकी सास राजमणि देवी ने वार्ड 29 के विकास के लिए एक स्पष्ट रोडमैप तैयार किया था, जिसे आगे बढ़ाना ही उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने बताया कि राजमणि देवी वार्ड 29 से तीन बार पार्षद निर्वाचित हुई थीं और उनके नाम झारखंड में सबसे अधिक मतों से जीत दर्ज करने का रिकॉर्ड है। वे भाजपा जिला महिला मोर्चा की अध्यक्ष भी रह चुकी थीं। पिछले कार्यकाल के दौरान कैंसर से उनका निधन हो गया था, जिसके कारण यह सीट रिक्त हो गई थी।
इस बार वार्ड 29 का चुनावी मुकाबला बेहद रोचक माना जा रहा है। अर्चना सिंह के सामने प्रतिद्वंद्वी के रूप में विनोद कुमार श्रीवास्तव की पत्नी एवं आदित्यपुर नगर परिषद की पूर्व अध्यक्ष रीता श्रीवास्तव चुनावी मैदान में हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अर्चना सिंह ने कहा कि सामने कौन है, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। जनता का आशीर्वाद और समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और उसी के बल पर वे वार्ड में विकास की नई इबारत लिखेंगी।
उन्होंने दोहराया कि अपनी सास के अधूरे सपनों को साकार करने के लिए वे हर संभव प्रयास करेंगी और वार्ड 29 के विकास में कोई कमी नहीं आने देंगी। अर्चना सिंह ने कहा कि वे जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझेंगी और प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान सुनिश्चित करेंगी। वार्ड 29 में उनके नामांकन के साथ ही चुनावी माहौल और अधिक गर्मा गया है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.