Jamshedpur:मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतर चुका है। मंगलवार को साकची स्थित एक होटल में एनडीए समर्थित मेयर प्रत्याशी संध्या सिंह के समर्थन में गठबंधन के सभी घटक दलों की संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें एकजुटता और जीत का स्पष्ट संदेश दिया गया।
प्रेस वार्ता में भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, जद(यू) महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, आजसू जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जिलाध्यक्ष सतीश कुमार तथा भाजपा व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नीरज सिंह उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने एक स्वर में संध्या सिंह को मेयर पद के लिए पूर्ण समर्थन देने की घोषणा करते हुए कहा कि एनडीए गठबंधन हर स्तर पर समन्वय के साथ काम करेगा और उनकी जीत सुनिश्चित करेगा।
इस अवसर पर मेयर प्रत्याशी संध्या सिंह ने कहा कि वे मानगो की बेटी और बहू हैं, इसलिए क्षेत्र की समस्याओं, जनभावनाओं और जनता के दर्द से भली-भांति परिचित हैं। उनका लक्ष्य मानगो की मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान करते हुए शहर को विकास की नई दिशा देना है। उन्होंने जनता से आशीर्वाद और सहयोग की अपील भी की।
प्रेस वार्ता के दौरान एनडीए नेताओं ने जानकारी दी कि बुधवार को संध्या सिंह के नामांकन को लेकर भव्य “आशीर्वाद कार्यक्रम” आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे साकची स्थित नेताजी सुभाष (आम बागान) मैदान में होगा, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों के शामिल होने की अपील की गई है। इसके बाद संध्या सिंह अपना नामांकन दाखिल करेंगी।
एनडीए की इस एकजुटता ने मानगो नगर निगम चुनाव के राजनीतिक समीकरण को और दिलचस्प बना दिया है।









