घाटशिला कॉलेज में खेलों को मिलेगा नया आयाम, एचसीएल के सहयोग से बनेंगी आधुनिक खेल संरचनाएं

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Ghatshila:घाटशिला कॉलेज के छात्र-छात्राओं के लिए आने वाला समय खेल और रचनात्मक गतिविधियों के लिहाज से खास होने वाला है। शैक्षणिक पढ़ाई के साथ-साथ खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कॉलेज परिसर में जल्द ही आधुनिक खेल संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा। इसके तहत बास्केटबॉल कोर्ट, क्रिकेट नेट पिच और बैडमिंटन कोर्ट बनाए जाने का प्रस्ताव है।
इस दिशा में मंगलवार को कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आर. के. चौधरी ने हिन्दुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल) के कार्यपालक निदेशक श्याम सुंदर सेठी से मुलाकात की। बातचीत के दौरान प्राचार्य ने छात्र हित को ध्यान में रखते हुए एचसीएल के सीएसआर फंड से खेल संरचनाओं के साथ-साथ बायो-टॉयलेट के निर्माण का आग्रह किया।
प्राचार्य की सकारात्मक सोच और छात्रहित की योजनाओं से प्रभावित होकर एचसीएल के कार्यपालक निदेशक श्री सेठी ने आश्वासन दिया कि वर्ष के अंत तक कॉलेज परिसर में सभी प्रस्तावित खेल संरचनाओं एवं बायो-टॉयलेट का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।
मौके पर प्राचार्य डॉ. चौधरी ने जल एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एचसीएल के सहयोग से पिछले वर्ष कॉलेज परिसर में बने रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम और स्टाफ बाथरूम के लिए श्री सेठी के प्रति आभार जताया और उन्हें सम्मानित भी किया।
इस अवसर पर कॉलेज शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. डी. सी. राम और खेल प्रभारी प्रो. इंदल पासवान भी उपस्थित रहे। कॉलेज में खेल सुविधाओं के विस्तार से छात्रों में नई ऊर्जा और उत्साह देखने को मिल रहा है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.