Ward 29 Aditypur Municipal Election सास के अधूरे सपनों को साकार करने चुनावी रण में उतरीं बहु अर्चना सिंह, वार्ड 29 से दाखिल किया नामांकन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

सरायकेला।
आदित्यपुर नगर निगम अंतर्गत वार्ड संख्या 29 से पार्षद पद की प्रत्याशी अर्चना कुमारी सिंह ने मंगलवार को सरायकेला अनुमंडल कार्यालय पहुंचकर विधिवत रूप से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के साथ ही वार्ड 29 की चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है और मुकाबला रोचक मोड़ पर पहुंच गया है।

नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में अर्चना सिंह ने पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा कि वह यह चुनाव किसी राजनीतिक प्रतिस्पर्धा के तौर पर नहीं, बल्कि अपनी दिवंगत सास राजमणि देवी के अधूरे सपनों को पूरा करने के उद्देश्य से लड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सास ने वार्ड के समग्र विकास को लेकर जो सोच और योजनाएं बनाई थीं, उन्हें जमीन पर उतारना ही उनका मुख्य लक्ष्य होगा।

अर्चना सिंह ने कहा, “मेरी सास ने अपने कार्यकाल में वार्ड 29 के हर वर्ग के लिए काम किया। सड़क, नाली, जलापूर्ति, स्वच्छता और सामाजिक सहभागिता को लेकर उनका एक स्पष्ट विज़न था। उनका अचानक जाना वार्ड के लिए एक बड़ा नुकसान था। अब मैं उसी सोच को आगे बढ़ाकर जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना चाहती हूं।”

उल्लेखनीय है कि राजमणि देवी वार्ड 29 से तीन बार पार्षद चुनी गई थीं और उन्होंने हर चुनाव में भारी मतों से जीत दर्ज की थी। वे भाजपा जिला महिला मोर्चा की अध्यक्ष भी रह चुकी थीं। अपने अंतिम कार्यकाल के दौरान गंभीर बीमारी कैंसर से जूझते हुए उनका निधन हो गया था, जिसके बाद यह सीट रिक्त हो गई थी।

इस बार वार्ड 29 में सीधा और कड़ा मुकाबला माना जा रहा है। अर्चना सिंह के सामने प्रतिद्वंद्वी के रूप में आदित्यपुर नगर परिषद की पूर्व अध्यक्ष रीता श्रीवास्तव चुनावी मैदान में हैं, जो विनोद कुमार श्रीवास्तव की पत्नी हैं।

हालांकि अर्चना सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सामने कौन उम्मीदवार है, इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। “मेरी ताकत जनता का विश्वास है। मैं वार्ड 29 को एक बेहतर, स्वच्छ और सुव्यवस्थित क्षेत्र बनाने का संकल्प लेकर मैदान में उतरी हूं। जनता का आशीर्वाद मिला तो विकास की नई दिशा तय करूंगी,” उन्होंने कहा।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह चुनाव भावनात्मक जुड़ाव, विकास की अपेक्षाओं और स्थानीय मुद्दों के इर्द-गिर्द घूमेगा, जिससे वार्ड 29 का चुनाव परिणाम बेहद दिलचस्प होने की संभावना है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.