लौवा गांव में लगा नया ट्रांसफार्मर, दशकों के अंधकार युग से मिली मुक्ति

SHARE:

Guwa:ब्रिटिश काल से बसे लौवा गांव के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ, जब वर्षों से बिजली के इंतज़ार में जीवन गुजार रहे ग्रामीणों को आखिरकार अंधकार से मुक्ति मिली। ग्रामीणों की लंबी मांग और भाजपा की पूर्व सांसद गीता कोड़ा तथा नोवामुंडी भाग-एक की जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी की पहल से गुवा थाना क्षेत्र के लौवा गांव में नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया।
अब तक बिजली सुविधा से वंचित लौवा गांव में शाम ढलते ही घना अंधेरा छा जाता था। सुरक्षा के डर से ग्रामीण अपने घरों में सिमट जाते थे और पूरा गांव मानो डीबरी युग में जीने को मजबूर था। वर्षों से यह समस्या हर चुनाव में नेताओं के आश्वासनों तक ही सीमित रह गई थी, लेकिन जमीन पर बदलाव नहीं हो पाया था।
ग्रामीणों और गांव के मुंडा की मांग को गंभीरता से लेते हुए पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने गांव को रोशन करने का भरोसा दिया था। इसके बाद सर्वे और समन्वय की जिम्मेदारी जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी को सौंपी गई। लगातार प्रयासों के बाद आखिरकार यह सपना साकार हुआ।
शुक्रवार को नुईया गांव के मुंडा दुरसू चाम्पिया, ठाकुरा गांव के मुंडा दामु चाम्पिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी में ट्रांसफार्मर का विधिवत उद्घाटन किया गया। गांव में बिजली पहुंचते ही ग्रामीणों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
इस मौके पर जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी ने कहा कि इस उपलब्धि का असली श्रेय गांव के मुंडा और ग्रामीणों को जाता है, जिनकी एकजुटता, पहल और लगातार संघर्ष के कारण यह कार्य संभव हो सका। उन्होंने कहा कि बिजली केवल रोशनी नहीं, बल्कि गांव के विकास, शिक्षा और सुरक्षा की दिशा में एक मजबूत कदम है।

Leave a Comment

और पढ़ें