हिंद एकता सामाजिक संस्था ने भव्य मिलन समारोह सह लिट्टी पार्टी का किया आयोजन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : कदमा स्थित जी.पी. क्लब हाउस में मंगलवार को हिंद एकता सामाजिक संस्था, जमशेदपुर की ओर से भव्य मिलन समारोह सह लिट्टी पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व संस्था की अध्यक्ष सिमरन भाटिया ने किया। इस अवसर पर शहर के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी सहित अन्य राजनीतिक दलों से जुड़े सैकड़ों नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए। आयोजन का मुख्य उद्देश्य सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और सद्भाव को और अधिक सुदृढ़ करना बताया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था की अध्यक्ष सिमरन भाटिया ने कहा कि हिंद एकता सामाजिक संस्था बीते तीन वर्षों से लगातार लिट्टी पार्टी सह मिलन समारोह का आयोजन कर रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह के सामाजिक आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाने का कार्य करते हैं, जिससे आपसी मेल-मिलाप बढ़ता है और एक-दूसरे के प्रति विश्वास मजबूत होता है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह होते हैं, लेकिन सामाजिक एकता और भाईचारा सबसे ऊपर है। ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और आपसी समन्वय को बढ़ावा मिलता है।

कार्यक्रम के दौरान झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायत खान ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि हिंद एकता सामाजिक संस्था द्वारा किया जा रहा यह आयोजन जमशेदपुर की गंगा-जमुनी तहज़ीब को जीवंत रूप में प्रस्तुत करता है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए संस्था और आयोजकों को बधाई दी।

वहीं, पूर्व विधायक सह झामुमो के वरिष्ठ नेता लक्ष्मण टुडु ने कहा कि वर्तमान समय में समाज को जोड़ने वाले ऐसे आयोजनों की अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हिंद एकता सामाजिक संस्था सामाजिक भाईचारा, सद्भाव और आपसी सम्मान का जो संदेश दे रही है, वह प्रशंसनीय और अनुकरणीय है। समारोह के अंत में सभी अतिथियों ने पारंपरिक लिट्टी-चोखा का स्वाद लिया और आयोजन की सफलता के लिए संस्था एवं आयोजकों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.