जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त ने सुनी आमजन की समस्याएं, कई मामलों का हुआ ऑन द स्पॉट समाधान

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur:समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस के अवसर पर उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। इस दौरान जनहित से जुड़ी विभिन्न मांगों और शिकायतों से संबंधित आवेदन उपायुक्त को सौंपे गए।

जन शिकायत निवारण दिवस में नागरिकों ने सफाईकर्मियों के वेतन एवं पीएफ भुगतान में अनियमितता, दुकान आवंटन, राशन कार्ड निर्गमन, निजी विद्यालयों में बीपीएल कोटे से नामांकन, अवैध कब्जा एवं धमकी, दलपति अनुमोदन, पेंशन, आधार अद्यतन, भू-विवाद, बकाया राशि भुगतान, विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्या, गुमशुदा बच्चे की तलाश, अनुकंपा के आधार पर पीडीएस डीलर के गलत ट्रांस्फर, बैंक संबंधी शिकायतें, मंइयां सम्मान योजना का लाभ, सड़क चौड़ीकरण, जमीन का ऑनलाइन रसीद, नियमित खाद्यान्न नहीं मिलने, जमीन मापी, झारखंड आंदोलनकारियों द्वारा पेंशन की मांग, घर खाली कराने, आर्म्स लाइसेंस सहित अन्य जनहित से जुड़े मामलों को उठाया।

उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने सभी नागरिकों की समस्याओं को क्रमवार गंभीरता से सुना और प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को अग्रसारित करते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का स्पष्ट निर्देश दिया। इस दौरान कई मामलों का ऑन द स्पॉट समाधान भी किया गया, जिससे आवेदकों ने संतोष व्यक्त किया।

उपायुक्त ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि जन शिकायत निवारण दिवस में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय समीक्षा बैठकों में जन शिकायतों की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.