Jamshedpur : जमशेदपुर से एक राहत भरी और बड़ी खबर सामने आई है। 13 जनवरी से लापता चल रहे स्थानीय उद्यमी कैरव गांधी को जमशेदपुर पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। त्वरित और सटीक कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने अहले सुबह बरही इलाके से कैरव गांधी को ढूंढ निकाला और उन्हें सुरक्षित जमशेदपुर ले आई।
मीडिया सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कैरव गांधी के लापता होने के बाद उनके परिजनों को अपहरणकर्ताओं की ओर से फिरौती की मांग को लेकर कॉल आए थे। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीर अपहरण मानते हुए विशेष जांच टीम गठित की और तकनीकी व मानवीय इनपुट के आधार पर जांच को तेज कर दिया।
जांच के दौरान पुलिस को यह अहम सुराग मिला कि अपहरणकर्ता कैरव गांधी को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ट्रांजिट कर रहे हैं। इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की और अपहृत उद्यमी को सुरक्षित मुक्त करा लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस अपहरण कांड में बिहार के एक बड़े आपराधिक गिरोह की संलिप्तता है।
फिलहाल पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी शुरू कर दी है। साथ ही पूरे किडनैपिंग नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए गहन जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस मामले में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।









