मानगो गुरुद्वारा रोड पर दिनदहाड़े बंद घर में बड़ी चोरी, मजदूर बनकर आए नकाबपोश अपराधी

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur:मानगो गुरुद्वारा रोड इलाके में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए, जब शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे विश्वनाथ मंदिर के सामने स्थित खान बिल्डिंग में बंद पड़े एक मकान को निशाना बनाकर दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। हैरानी की बात यह रही कि नकाबपोश अपराधी खुद को मजदूर बताकर इमारत में दाखिल हुए और लोगों की आंखों के सामने वारदात कर आसानी से निकल गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मकान मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव अखिलेश्वर दुबे का है, जो अपने बेटे की शादी की तैयारी के सिलसिले में गांव गए हुए थे। इसी दौरान अपराधियों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। अंदर कमरे का ताला तोड़ने में जब उन्हें समय लगा तो उन्होंने दरवाजे को ही उखाड़ दिया और अलमारी व बक्सों में रखे जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए।
चोरी में हुए नुकसान का आकलन फिलहाल नहीं हो सका है। गृहस्वामी अखिलेश्वर दुबे के शहर लौटने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि कितने मूल्य की संपत्ति पर हाथ साफ हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह को जानकारी दी। विकास सिंह ने तुरंत स्थानीय थाना को मामले से अवगत कराते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नशेड़ी गिरोहों का आतंक बढ़ता जा रहा है और अपराध बेकाबू होते जा रहे हैं।
स्थानीय युवकों की तत्परता और मौके पर पहुंचे प्रशासनिक कर्मियों की मदद से दो संदिग्ध अपराधियों को पकड़ लिया गया है, जिनसे पूछताछ जारी है।
वहीं, खान बिल्डिंग के मालिक उमाकांत सिंह ने बताया कि सुबह-सुबह मजदूरों के आने-जाने को देखकर उन्हें लगा कि दुबे जी अपने घर में मरम्मत का काम करवा रहे हैं। घटना का समय सुबह 7:30 बजे होने के कारण किसी को चोरी की आशंका ही नहीं हुई। बाद में पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने जब बताया कि दरवाजा टूटा हुआ है और घर के अंदर कोई नहीं है, तब जाकर मामले का खुलासा हुआ।
मौके पर पहुंचे विकास सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पूरा इलाका नशे की गिरफ्त में आता जा रहा है और अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर हालात ऐसे ही रहे तो आम जनता को अपराध के खिलाफ सड़कों पर उतरना पड़ेगा।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे गिरोह तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें