नेताजी के नाम पर बने भव्य मेमोरियल, लाइट एंड साउंड से संजोई जाएं स्मृतियांः सरयू राय

SHARE:

Jamshedpur:जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर आम बागान स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस मैदान में एक भव्य मेमोरियल के निर्माण की जोरदार मांग उठाई। माल्यार्पण के बाद उन्होंने कहा कि यह मैदान केवल एक स्थल नहीं, बल्कि देश के महान स्वतंत्रता सेनानी की जीवंत विरासत है, जिसे सहेजना हम सबकी जिम्मेदारी है।
सरयू राय ने सुझाव दिया कि नेताजी के नाम पर बनने वाले मेमोरियल में लाइट एंड साउंड सिस्टम की व्यवस्था हो, ताकि नेताजी के संघर्ष, विचार और जीवन यात्रा को प्रभावशाली तरीके से दर्शाया जा सके। साथ ही उन्होंने कहा कि यहां एक ऐसा भवन भी बने, जहां नेताजी से जुड़ी तमाम स्मृतियों और ऐतिहासिक तथ्यों को संजोकर रखा जाए, ताकि जमशेदपुर आने वाला हर व्यक्ति यहां अवश्य आए और प्रेरणा ले।
विधायक ने मैदान की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि इतना खूबसूरत मैदान आज कबाड़ में तब्दील होता जा रहा है। कहीं अवैध गैरेज चल रहे हैं, तो कहीं अन्य गैरकानूनी गतिविधियां। उन्होंने साफ कहा कि इस बदहाली को लेकर वे 18 फरवरी से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र में सवाल उठाएंगे।
मंच से उन्होंने जदयू के जिलाध्यक्ष से आग्रह किया कि वे एक शिष्टमंडल के साथ उपायुक्त से मुलाकात करें और यह स्पष्ट करें कि मैदान के चारों ओर चहारदीवारी का निर्माण कार्य कब शुरू होगा। सरयू राय ने चेतावनी दी कि मैदान में अतिक्रमण के प्रयास लगातार हो रहे हैं और इसे रोकने के लिए त्वरित कार्रवाई जरूरी है।
उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में टाटा स्टील के लैंड डिपार्टमेंट ने उपायुक्त से सुरक्षा बल उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि अतिक्रमण पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Leave a Comment