Guwa:अयोध्या में श्री रामलला के प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ के पावन अवसर पर बड़ाजामदा में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। बड़ाजामदा बस स्टैंड के समीप समाजसेवियों के सहयोग से पूरी सब्जी और बूंदिया का भोग वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर को दीपावली की तर्ज पर उत्सव के रूप में मनाया गया। चारों ओर “जय श्रीराम” के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए समाजसेवी शंभू हाजरा ने बताया कि अयोध्या में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की वर्षगांठ के उपलक्ष्य में यह भोग वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया है, ताकि समाज के हर वर्ग तक प्रसाद पहुंचे और सनातन परंपराओं को सशक्त किया जा सके।
उन्होंने आगे बताया कि संध्या समय बड़ाजामदा स्थित श्री हनुमान मंदिर में 1008 मिट्टी के दीप प्रज्ज्वलित कर विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। दीपों की रोशनी से पूरा क्षेत्र भक्तिरस में डूब जाएगा और श्रद्धालुओं के लिए यह एक अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव होगा।
भोग वितरण और आयोजन में समाज के विभिन्न वर्गों के गणमान्य लोग सक्रिय रूप से शामिल रहे। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से शंभू हाजरा, संतोष प्रसाद, हंसराज अग्रवाल, उर्वी अग्रवाल, राजेश ठाकुर, प्रकाश गुप्ता, जितेन गुप्ता, रामलाल गुप्ता, मिंटू अग्रवाल, राजा तिर्की, गोवर्धन चौरसिया, सुनील प्रसाद चौरसिया, मकसूद खान, पंकज पांडे और रामप्रवेश ठाकुर सहित कई समाजसेवी एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।









