Jamshedpur:बिस्टुपुर के ऐतिहासिक गोपाल उर्फ रीगल मैदान में जब झुमुर सम्राट संतोष महतो की आवाज गूंजी— ‘भालोई धान होइलो ई बोछोर, साया-साड़ी किने दिबो तोर…’—तो पूरा मैदान झारखंडी रंग में रंग गया। झारखंड वासी एकता मंच द्वारा आयोजित भव्य टुसु मेला में संस्कृति, परंपरा और एकता का ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसे शहर लंबे समय तक याद रखेगा।
दूर-दराज के गांवों से लाई गई विशाल टुसु प्रतिमाएं, रंग-बिरंगी चौड़ल, ढोल-नगाड़ों की थाप और झुमुर गीतों ने माहौल को पूरी तरह टुसुमय बना दिया। दर्शक ही नहीं, मंच पर मौजूद अतिथि भी खुद को थिरकने से रोक नहीं सके। ‘चल सजनी रीगल मैदाने…’ और ‘ईटा के बोठे गो के बोठे…’ जैसे गीतों पर पूरा मैदान एक सुर में झूमता दिखा।
कार्यक्रम में सांसद बिद्युत बरण महतो, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, ईचागढ़ विधायक सबिता महतो, जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, पूर्व राज्यसभा सांसद प्रदीप बलमुचू सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सांसद बिद्युत महतो ने टुसु पर्व को “विविधता में एकता का जीवंत प्रतीक” बताते हुए संस्कृति और शिक्षा दोनों को सहेजने की अपील की।
डॉ. बलमुचू ने युवाओं की भागीदारी को उम्मीद की किरण बताया, वहीं बन्ना गुप्ता ने अपने संबोधन की शुरुआत टुसु गीत से कर माहौल को और आत्मीय बना दिया।
मंच से आस्तिक महतो का संदेश खासा प्रभावशाली रहा। उन्होंने आदिवासी और कुड़मी समाज के बीच जारी दूरियों को खत्म करने की अपील करते हुए कहा कि झारखंड आंदोलन की ताकत एकता थी और वही आगे भी हमारी पहचान रहेगी। सोशल मीडिया पर भी संयम और जिम्मेदारी से बात रखने का आग्रह किया गया।
मेला परिसर में झारखंड आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। रघुनाथ महतो, भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, विनोद बिहारी महतो, दिशोम गुरु शिबू सोरेन, निर्मल महतो सहित कई महापुरुषों की तस्वीरों पर पुष्प अर्पित किए गए। कई अतिथियों की आंखें उस वक्त नम हो गईं, जब पूर्व सांसद स्व. सुनील महतो और पूर्व उप मुख्यमंत्री स्व. सुधीर महतो के योगदान को याद किया गया—जिन्होंने टुसु मेला को शहर के दिल तक पहुंचाया।
प्रतियोगिताओं में टुसु, चौड़ल और बूढ़ी गाड़ी नाच के विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। हजारों की भीड़, लोकसंस्कृति की खुशबू और एकता का संदेश—रीगल मैदान का यह टुसु मेला सिर्फ एक उत्सव नहीं, बल्कि झारखंडी अस्मिता का जीवंत उत्सव बनकर सामने आया।









