रंभा शैक्षणिक संस्थान में करियर को मिली नई दिशा

SHARE:

Jamshedpur:जमशेदपुर स्थित रंभा शैक्षणिक संस्थान समूह में बुधवार को करियर निर्माण को लेकर एक सार्थक और दूरदर्शी पहल देखने को मिली। संस्थान के प्लेसमेंट सेल के तत्वावधान में कैरियर वेदा संस्था के सहयोग से आयोजित करियर जागरूकता एवं जानकारी सत्र ने विद्यार्थियों को बदलते तकनीकी युग की वास्तविकताओं से रूबरू कराया।
तेजी से बदलते रोजगार परिदृश्य के बीच आयोजित इस सत्र में कैरियर वेदा की संस्थापिका एवं सीईओ श्रीमती निमिषा कुमारी ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से पाइथन, डाटा एनालिसिस, डाटा एंट्री समेत अन्य रोजगारोन्मुखी कोर्सेज की व्यावहारिक जानकारी साझा की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आज का दौर केवल डिग्री तक सीमित नहीं है, बल्कि तकनीकी कौशल और प्रैक्टिकल नॉलेज ही करियर की असली पहचान बनते जा रहे हैं।
ज्ञान सत्र के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर विशेष फोकस रहा। श्रीमती निमिषा कुमारी ने विद्यार्थियों को एआई आधारित स्किल्स के महत्व को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया और बताया कि कैसे एआई, डाटा एनालिसिस और डाटा एंट्री जैसे कोर्सेज आने वाले समय में निजी और सरकारी दोनों क्षेत्रों में रोजगार की रीढ़ साबित होंगे।
कार्यक्रम में मौजूद छात्र-छात्राओं ने न केवल नए कोर्सेज की जानकारी हासिल की, बल्कि यह भी समझा कि इन स्किल्स के माध्यम से वे अपने रिज्यूमे को कैसे सशक्त बना सकते हैं। प्रश्नोत्तर सत्र के दौरान विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया, जिससे उनके भीतर करियर को लेकर उत्साह और आत्मविश्वास साफ झलकता नजर आया।
इस मौके पर कॉलेज के सचिव श्री गौरव बचन ने कहा कि रंभा शैक्षणिक संस्थान समूह का लक्ष्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रखना नहीं है, बल्कि उन्हें समय की मांग के अनुसार तकनीकी प्रशिक्षण और सही करियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। ताकि छात्र बदलते दौर के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ सकें।
कुल मिलाकर यह करियर उन्मुख ज्ञान सत्र विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत साबित हुआ और संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व रोजगारपरक प्रशिक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूती से रेखांकित करता है।

Leave a Comment

और पढ़ें