जमशेदपुर रनजीनियर्स ने मुंबई मैराथन में दिखाया दम, शहर को किया गौरवान्वित

SHARE:

Jamshedpur:एशिया की सबसे प्रतिष्ठित मैराथन स्पर्धाओं में शुमार टाटा मुंबई मैराथन के महाकुंभ में इस वर्ष देश-विदेश से 69 हजार से अधिक धावकों ने भाग लिया। इस विशाल प्रतिस्पर्धा में जमशेदपुर के चर्चित धावक समूह जमशेदपुर रनजीनियर्स ने 42.195 किलोमीटर की फुल मैराथन में भाग लेकर न सिर्फ शानदार प्रदर्शन किया, बल्कि शहर का नाम भी रोशन किया।
फुल मैराथन वर्ग में कुल 11,629 धावक शामिल हुए, जिनमें 10,415 पुरुष प्रतिभागी थे। जमशेदपुर रनजीनियर्स के धावकों ने अनुशासन, दृढ़ इच्छाशक्ति और नियमित अभ्यास के बल पर कठिन चुनौती को सफलतापूर्वक पूरा किया।
ग्रुप के अरूपानंद महतो ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 3 घंटे 43 मिनट में मैराथन पूरी की। वहीं विपुल मेहता ने 3:56:38 घंटे, अरुण प्रताप सिंह ने 3:57:40 घंटे, धर्मेन्द्र कुमार ने 4:27:04 घंटे और मनीष कुमार ने 4:38:02 घंटे में लक्ष्य हासिल किया। सुप्रीयो मंडल ने 4:42:46 घंटे में दौड़ पूरी की। इसके अलावा दीपक कुमार और इम्तियाज अली ने क्रमशः 5:25:38 घंटे और 5:26:49 घंटे में मैराथन समाप्त कर जज्बे का परिचय दिया।
गौरतलब है कि जमशेदपुर रनजीनियर्स ग्रुप के धावक देश और विदेशों में आयोजित विभिन्न मैराथनों में लगातार भाग लेकर जमशेदपुर को राष्ट्रीय फलक पर पहचान दिला चुके हैं। यह समूह केवल पदक तक सीमित नहीं, बल्कि शहरवासियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का भी कार्य कर रहा है।
ग्रुप के धावक इम्तियाज अली का कहना है कि तेजी से बदलती जीवनशैली के दौर में आत्मअनुशासन, नियमित टहलना, व्यायाम और संतुलित आहार को जीवन का हिस्सा बनाना आज की सबसे बड़ी जरूरत है।

Leave a Comment