मनोहरपुर में प्रखंड स्तरीय गुरु गोष्ठी आयोजित, शैक्षणिक गुणवत्ता और प्रशासनिक सुधार पर हुआ मंथन

SHARE:

Manoharpur:प्रखंड के विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता को सुदृढ़ करने और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सुचारु बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को प्रखंड संसाधन केंद्र, मनोहरपुर के सभागार में प्रखंड स्तरीय गुरु गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी संतोष गुप्ता ने की। बैठक में प्रखंड के सभी विद्यालयों के सचिवों की सक्रिय उपस्थिति रही।
गोष्ठी के संचालन में एमआईएस दीपक कुमार गुप्ता, प्रखंड साधन सेवी यशवंत नारायण कटियार, प्रदीप कुमार, शिल्पा कुमारी तथा संकुल साधन सेवी चंद्रशेखर चौधरी, सच्चिदानंद प्रसाद, निरंजन गोप, ललित महतो और लक्ष्मी महतो सहित अन्य कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बैठक के दौरान शिक्षा से जुड़े कई अहम बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें दाहर (Dahar) ऐप की समीक्षा, मध्यान्ह भोजन योजना के अंतर्गत प्रतिदिन एसएमएस भेजने और पंजी अद्यतन, सभी विद्यार्थियों का आधार नामांकन सुनिश्चित करने तथा प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लंबित आवेदनों को शीघ्र ई-कल्याण पोर्टल पर अपलोड करने पर विशेष जोर दिया गया।
इसके साथ ही विद्यालयों में जल मीनार एवं स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, कक्षा आठ के विद्यार्थियों के पंजीकरण की स्थिति, जर्जर कक्षाओं की मरम्मत और अतिरिक्त कक्षाओं की आवश्यकता जैसे बुनियादी मुद्दों पर भी गंभीर विचार-विमर्श किया गया।
गुरु गोष्ठी में नवपदस्थापित प्रखंड कल्याण पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। उन्होंने अपना परिचय देते हुए कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। बैठक के अंत में सभी विद्यालयों से शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने का आह्वान किया गया।

Leave a Comment

और पढ़ें