Seraikela:सरायकेला-खरसावां जिले के तिरुलडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत शहीद चौक के समीप सोमवार को सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व यातायात थाना प्रभारी राजू कुमार एवं तिरुलडीह थाना प्रभारी कौशल कुमार ने किया।
अभियान का उद्देश्य आमजन को सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति सजग करना और सुरक्षित यात्रा के लिए प्रेरित करना रहा। इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने तथा चारपहिया चालकों को सीट बेल्ट लगाने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर ही कई ग्रामीणों को हेलमेट पहनाकर सड़क सुरक्षा का महत्व समझाया।
यातायात थाना प्रभारी राजू कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। उन्होंने ट्रिपल लोडिंग और ड्रिंक एंड ड्राइव से दूर रहने की अपील करते हुए कहा, “सड़क सुरक्षा हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। नियमों का पालन कर हम अपनी और दूसरों की जान बचा सकते हैं।”
वहीं, तिरुलडीह थाना प्रभारी कौशल कुमार ने भी लोगों से अपील की कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा को अपनी आदत बनाएं। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियानों का मुख्य लक्ष्य दुर्घटनाओं की रोकथाम और जन-जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
स्थानीय लोगों ने अभियान की सराहना करते हुए पुलिस के प्रयासों को सकारात्मक बताया और नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।









