Jamshedpur:झारखंड की लोकसंस्कृति और पारंपरिक उत्सवों की पहचान टुसु पर्व को समर्पित 21वां भव्य टुसु मेला आगामी 21 जनवरी (बुधवार) को बिस्टुपुर स्थित गोपाल मैदान (रीगल मैदान) में आयोजित किया जाएगा। इसको लेकर झारखंड वासी एकता मंच के मुख्य संयोजक आस्तिक महतो एवं संयोजक सह सांसद विद्युत बरण महतो ने सोनारी विकास भवन (कारमेल स्कूल के पीछे) में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मेले का मुख्य आकर्षण विशाल टुसु प्रतिमा, रंग-बिरंगे चौड़ल, पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम, टुसु व झुमुर गीत प्रतियोगिता के साथ-साथ आकर्षक नकद पुरस्कार होंगे। यह आयोजन न सिर्फ जमशेदपुर बल्कि पूरे कोल्हान क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान बन चुका है।
कई राज्यों से पहुंचेगी सांस्कृतिक टोली
आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन अपने 21वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। इसमें झारखंड के कोल्हान प्रमंडल के अलावा रांची, तमाड़, खूंटी समेत पश्चिम बंगाल और ओडिशा से भी बड़ी संख्या में प्रतिभागी भाग लेंगे। सुबह 10 बजे से टुसु प्रतिमा और चौड़ल की मैदान में इंट्री शुरू होगी। गत वर्ष 350 से अधिक टुसु व चौड़ल मैदान पहुंचे थे, जबकि इस वर्ष इससे भी अधिक भागीदारी की उम्मीद जताई जा रही है।
सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम
मंच ने इस बार सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए कई अहम निर्णय लिए हैं। मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही मंच के समीप बड़े आकार की एलईडी स्क्रीन भी लगाई जाएगी ताकि दर्शकों को कार्यक्रम देखने में सुविधा हो। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि मेला परिसर में किसी भी प्रकार के नशापान या नशीले पदार्थों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
नकद पुरस्कार होंगे विशेष आकर्षण
मंच के सह संयोजक बबलू महतो एवं सुखदेव महतो ने बताया कि नकद पुरस्कार हर वर्ष मेले का बड़ा आकर्षण रहता है। इस वर्ष भी टुसु प्रतिमा के लिए कुल 7 पुरस्कार रखे गए हैं, जिसमें
प्रथम: ₹41,000
द्वितीय: ₹35,000
तृतीय: ₹31,000
चतुर्थ: ₹25,000
पंचम: ₹20,000
षष्ठ: ₹15,000
सप्तम: ₹11,000
वहीं चौड़ल प्रतियोगिता में 4 पुरस्कार दिए जाएंगे—
प्रथम: ₹31,000
द्वितीय: ₹25,000
तृतीय: ₹21,000
चतुर्थ: ₹15,000
इसके अलावा बूढ़ी गाड़ी नाच में भी चार पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं, जिसमें प्रथम से चतुर्थ पुरस्कार क्रमशः ₹15,000, ₹11,000, ₹7,000 और ₹5,000 होंगे।
सफल संचालन के लिए टीम गठित
मेले के सफल संचालन के लिए मंच की ओर से अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। मैदान के सभी गेटों पर व्यवस्था, प्रतिमा व चौड़ल की एंट्री, मंच संचालन और निर्णायक मंडली के समन्वय की जिम्मेदारी युवाओं को सौंपी गई है। आयोजन को सफल बनाने में कमल महतो, विजय महतो, अशोक महतो, नकुल महतो, प्राण राय, मनोज महतो, अशोक सिंह, कैलाश सिंह सरदार, राजू बाबा, जगदीश राव, सीनु राव, अनिल सिंह, शुभेंदु भौमिक, बापी नायक, सजल दास, ओपा सिंह, कमल आदित्य, राहुल मित्रा, रामनाथ महतो सहित कई सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।









