सारंडा के अति नक्सल प्रभावित गांव कलयता में सीआरपीएफ का सिविक एक्शन कार्यक्रम

SHARE:

Guwa:सारंडा के दुर्गम और अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र कलयता गांव में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 26वीं बटालियन द्वारा आयोजित सिविक एक्शन कार्यक्रम ने ग्रामीणों के बीच सुरक्षा बलों के प्रति विश्वास को और मजबूत किया। यह कार्यक्रम 26वीं बटालियन के कमाण्डेन्ट राजीव रंजन के दिशा-निर्देश पर ए/26 बटालियन के कम्पनी कमाण्डर ओम प्रकाश (सहायक कमाण्डेन्ट) के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान गांव के जरूरतमंद परिवारों को घरेलू उपयोग के लिए पानी के ड्रम वितरित किए गए, जिससे दैनिक जीवन की बुनियादी समस्या से राहत मिली। वहीं उच्च प्राथमिक विद्यालय, कलयता के विद्यार्थियों को स्कूल बैग, कॉपी, ज्योमेट्री बॉक्स, पेंसिल, रबर और बॉल पेन प्रदान किए गए। शिक्षा सामग्री पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और पढ़ाई के प्रति उत्साह साफ नजर आया।
इस अवसर पर 26वीं बटालियन के एड्ज्यूटेंट अरविन्द कुमार रजक, निरीक्षक/जीडी अमरेश सिंह, राज्य पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक जूलियस इक्का, गांव मुंडा निर्मल सिद्धू सहित उच्च प्राथमिक विद्यालय कलयता की प्रधानाध्यापिका मंजू बिरुवा और अन्य सहायक शिक्षिकाएं मौजूद रहीं। ग्रामीणों और शिक्षकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग किया।
स्थानीय लोगों ने सीआरपीएफ की इस पहल को जनकल्याणकारी बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से न केवल बुनियादी जरूरतें पूरी होती हैं, बल्कि सुरक्षा बलों और ग्रामीणों के बीच आपसी विश्वास भी बढ़ता है। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने सीआरपीएफ का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसी पहल जारी रखने की अपेक्षा जताई।

Leave a Comment

और पढ़ें