उद्योगपति पुत्र कैरव गांधी अपहरण मामला: कई टीमें जांच में जुटीं, इंडोनेशिया नंबर से आई थी फिरौती की कॉल

SHARE:

Jamshedpur : आदित्यपुर स्माल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (एसिया) के उपाध्यक्ष एवं उद्योगपति देवांग गांधी के पुत्र कैरव गांधी (24) के अपहरण और फिरौती मांगने के मामले में जमशेदपुर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। इस सनसनीखेज मामले के खुलासे के लिए न सिर्फ जमशेदपुर, बल्कि अन्य जिलों में भी कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं। साथ ही एक-दो टीमों को राज्य के बाहर भी सुराग जुटाने के लिए लगाया गया है। मामला बिष्टुपुर थाना में दर्ज कराया गया है।

सूत्रों के अनुसार अपहरणकर्ताओं ने फिरौती की मांग करते हुए रकम नहीं देने पर कैरव गांधी की हत्या करने की धमकी भी दी है। चौंकाने वाली बात यह है कि फिरौती के लिए जो कॉल किया गया, वह इंडोनेशिया के मोबाइल नंबर से आया था। पुलिस ने पुष्टि की है कि वाट्सएप कॉल जिस नंबर से किया गया, वह इंडोनेशिया का है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि 13 जनवरी को दोपहर करीब 2.30 बजे कैरव गांधी अपनी कार से घर से निकले थे। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार शाम करीब 8 बजे के आसपास उनका अपहरण किया गया। घर से निकलने से लेकर कार की बरामदगी तक के सभी सीसीटीवी फुटेज को पुलिस ने खंगाल लिया है, जिसमें कैरव को खुद कार चलाते हुए देखा गया है।

चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा से पुलिस ने कैरव की कार बरामद कर ली है। कार में चाबी लगी हुई थी, जिससे पुलिस को आशंका है कि पूरी घटना को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया है। हालांकि फिरौती की कितनी रकम मांगी गई है, इसका खुलासा पुलिस ने फिलहाल नहीं किया है।

कैरव गांधी की अब तक बरामदगी नहीं होने से परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। उनके आवास पर रिश्तेदारों और परिचितों का जमावड़ा लगा हुआ है। किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए पुलिस ने घर की सुरक्षा भी बढ़ा दी है। पुलिस कप्तान स्वयं पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं और विभिन्न बिंदुओं पर जांच जारी है।

Leave a Comment