Chaibasa : झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले अंतर्गत मनोहरपुर प्रखंड के जराइकेला थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मामला सागजुड़ी गांव का है, जहां गांव की एक पुलिया के नीचे महिला का शव बरामद किया गया।
मृतका की पहचान सागजुड़ी गांव के छोटा सागजुड़ी टोले की निवासी तुलसी महली (उम्र करीब 51 वर्ष) के रूप में की गई है। ग्रामीणों द्वारा पुलिया के नीचे शव पड़े होने की सूचना मिलते ही जराइकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मृतका के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। साथ ही यह जानकारी भी सामने आई है कि तुलसी महली की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि महिला की मौत हत्या का मामला है या किसी दुर्घटना का परिणाम।
पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है, वहीं आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।









