टाटानगर से बड़ौदा घाट तक सड़क उन्नयन को 4.17 करोड़ की मंजूरी, विधायक संजीव सरदार के प्रयास रंग लाए

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Potka:पोटका विधानसभा क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात सामने आई है। टाटानगर रेलवे स्टेशन से बड़ौदा घाट तक जर्जर हालत में पड़ी सड़क अब जल्द ही चकाचक नजर आएगी। पथ प्रमंडल, जमशेदपुर के अंतर्गत आने वाली 2.850 किलोमीटर लंबी इस महत्वपूर्ण सड़क के उन्नयन कार्य के लिए राज्य सरकार ने 4 करोड़ 17 लाख 51 हजार 900 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।
यह स्वीकृति पोटका विधायक संजीव सरदार के निरंतर प्रयासों और जनहित को लेकर की गई पहल का प्रत्यक्ष परिणाम मानी जा रही है। विधायक ने इस सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर क्षेत्रवासियों की परेशानी से अवगत कराया था, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने स्वयं इस योजना को मंजूरी दी।
जर्जर सड़क से मिलेगी राहत, लाखों लोगों को सीधा फायदा
टाटानगर रेलवे स्टेशन से शुरू होकर जमशेदपुर-हाता मार्ग, बागबेड़ा कॉलोनी होते हुए बड़ौदा घाट तक जाने वाला यह पथ प्रतिदिन हजारों यात्रियों के आवागमन का प्रमुख मार्ग है। लंबे समय से सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को जाम, दुर्घटना और समय की बर्बादी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। उन्नयन कार्य पूरा होने के बाद न सिर्फ राइडिंग क्वालिटी में सुधार होगा, बल्कि क्षेत्र के लाखों लोगों को राहत मिलेगी।
जनहित सर्वोपरि, गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता : विधायक
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि पोटका और आसपास के इलाकों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। यह सड़क केवल एक संपर्क मार्ग नहीं, बल्कि आमजन की रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी जीवनरेखा है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा किया जाए।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकास को रफ्तार
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में सरकार के फैसले जमीनी स्तर पर असर दिखा रहे हैं।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.