Jamshedpur:शहर में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई इलाके से टेंपो पर ब्राउन शुगर बेच रहे तीन युवकों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वाहन चेकिंग के दौरान की गई, जिसने नशा तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया।
गुरुवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर उलीडीह रोड नंबर-1 पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक टेंपो पर सवार युवक पुलिस को देखते ही भागने लगे, जिससे पुलिस को शक हुआ।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों को खदेड़कर पुष्पांजलि अपार्टमेंट के पास से धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी
पकड़े गए आरोपियों में
सुशांत साव (18) – निवासी चरीटांड़, आलमगंज, पटना (बिहार)
अंशु कुमार (19) – निवासी चरीटांड़, आलमगंज, पटना (बिहार)
पंकज साव (31) – निवासी कुंवर बस्ती, ओल्ड पुरुलिया रोड, मानगो
बरामदगी
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से
2 प्लास्टिक पाउच में 10 ग्राम ब्राउन शुगर,
तीन मोबाइल फोन,
और एक टेंपो बरामद किया है।
सिटी एसपी ने बताया कि पूछताछ में नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद है। पुलिस आगे की जांच में जुटी है और पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।









