Jamshedpur:शहर के तापमान में लगातार गिरावट के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। ठंड ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है, खासकर झुग्गी-बस्ती और गरीब तबके के लोगों के लिए यह मौसम बेहद कष्टदायक साबित हो रहा है। ऐसे विषम हालात में शहर की जानी-मानी समाजसेविका रानी गुप्ता ने मानवता की मिसाल पेश की है।
राष्ट्रीय भ्रष्टाचार नियंत्रण एवं जनकल्याण संगठन की उपनिर्देशक तथा समाजसेवी संगठन सृष्टि महिला विकास सहयोग समिति की अध्यक्षा रानी गुप्ता ने अपने सहयोगियों के साथ जमशेदपुर के बारीडीह बस्ती स्थित हरिजन बस्ती पहुंचकर जरूरतमंद महिलाओं एवं पुरुषों के बीच कंबल का वितरण किया। इस पहल से ठंड से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) के सिटी मैनेजर प्रकाश साहू उपस्थित रहे। उन्होंने लगभग 30 जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरित किए और समाजसेविका रानी गुप्ता द्वारा लगातार किए जा रहे जनकल्याणकारी प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्य समाज को नई दिशा देने का काम करते हैं और दूसरों को भी प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर सामाजिक संगठन की पदाधिकारी उर्मिला देवी, पूनम अग्रवाल, सदस्य सन्नी मुखी, नितिन मुखी के अलावा बस्ती के लोगों का भी विशेष सहयोग रहा। कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों की संख्या में बस्ती की महिलाएं, पुरुष और युवा मौजूद रहे और समाजसेवियों के इस प्रयास की खुले दिल से सराहना की।
स्थानीय लोगों ने कहा कि ठंड के इस मौसम में कंबल उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है। समाजसेवी रानी गुप्ता ने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा ही उनका उद्देश्य है और आगे भी इस तरह के जनहितकारी कार्य निरंतर जारी रहेंगे।









