हाईटेक युग में भी तंत्र-मंत्र ठगी का नया चेहरा, दिनदहाड़े बैंक कॉलोनी में महिला से गहने उड़ाए

SHARE:

Ghatshila:2026 की शुरुआत में ही शातिर ठगों ने हाईटेक दौर को ठेंगा दिखाते हुए तंत्र-मंत्र और मनोवैज्ञानिक झांसे के जरिए दिनदहाड़े एक महिला को ठग लिया। मामला घाटशिला थाना क्षेत्र के बैंक कॉलोनी, साढ़पुर मुहल्ले का है, जहां मंगलवार सुबह करीब 11 बजे वायुसेना से सेवानिवृत्त महिला से दो युवकों ने गहने ठग लिए और फरार हो गए।
भुक्तभोगी महिला सुनीता त्यागी उर्फ तोपा दीदी ने बताया कि वे सब्जी लेकर घर लौट रही थीं, तभी एक युवक ने उनसे किसी चिकित्सक के बारे में पूछताछ शुरू की। इसी दौरान बैंक कॉलोनी की ओर से एक दूसरा युवक आया। पहले युवक ने अचानक दूसरे की ओर इशारा करते हुए कहा कि “इससे पूछ लो।” इसके बाद ठगों ने बातचीत का रुख अचानक निजी और भावनात्मक विषयों की ओर मोड़ दिया।
महिला के अनुसार, युवक ने उनके परिवार के बारे में कुछ बातें सही-सही बताईं और यह कहकर डर पैदा किया कि “तुम्हारी मां को कैंसर है, ठीक नहीं होगी।” इसके बाद तंत्र-मंत्र और पूजा का सहारा लेते हुए 20 रुपये की कपूर लाने को कहा गया और हरिद्वार में पूजा कराने का भरोसा दिलाया गया। दूसरे युवक ने भी यह कहकर विश्वास पुख्ता किया कि उसके बारे में कही गई बातें भी सही निकली हैं।
यही विश्वास महिला पर भारी पड़ गया। कपूर लाने के बाद ठगों ने कहा कि शरीर पर मौजूद सभी गहने खोलकर रख दो, तभी पूजा सफल होगी। महिला ने दो अंगूठी और एक चैन उनके पास रख दी। इसके बाद पांच कदम आगे जाने को कहा गया और इसी बीच दोनों युवक मौके से फरार हो गए।
कुछ ही पलों में ठगी का अहसास होने पर महिला ने पीछा किया, लेकिन तब तक दोनों युवक आंखों से ओझल हो चुके थे। घटना की सूचना तुरंत मोबाइल से घाटशिला थाना को दी गई, लेकिन आरोप है कि घटनास्थल से महज एक किलोमीटर दूर थाना होने के बावजूद दो घंटे से अधिक समय तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस समय पर पहुंचती तो आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से ठगों की पहचान संभव थी। सूचना पर जिला परिषद सदस्य कर्ण सिंह उर्फ टिंकू मौके पर पहुंचे और निजी स्तर पर सीसीटीवी फुटेज खंगालने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा था।
घटना ने एक बार फिर पुलिस की तत्परता और शहरी इलाकों में बढ़ते नए किस्म के ठगी के मामलों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment