Noamundi:नोवामुंडी प्रखंड के जेटेया पंचायत अंतर्गत बाबाड़िया मुंडा टोला और बड़ापासेया टोला डुगुड़बासा में हुए दर्दनाक हाथी हमले की घटनाओं ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। एक ही परिवार के चार सदस्यों सहित कुल पांच लोगों की मौत की सूचना पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा स्वयं पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे।
पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने बाबाड़िया मुंडा टोला में हाथी हमले में मारे गए परिवार के सदस्यों तथा डुगुड़बासा में मृत मंगल बोबोंगा के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया और कहा कि इस दुख की घड़ी में वे उनके साथ खड़े हैं।
मौके पर मौजूद वन विभाग के रेंजर से बातचीत करते हुए मधु कोड़ा ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पीड़ित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा शीघ्र उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें तात्कालिक राहत मिल सके। साथ ही उन्होंने हाथी प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की भी जरूरत पर जोर दिया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि प्रशासनिक स्तर पर हर संभव सहायता दिलाने के लिए वे लगातार प्रयासरत रहेंगे।
इस दौरान नोवामुंडी मंडल अध्यक्ष चंद्र मोहन गोप, मीडिया प्रभारी विनीत कुमार गोप, निकोलश बोबोंगा, सुखराम कोड़ा, पीतांबर बोबोंगा, लक्ष्मण गोप समेत कई स्थानीय ग्रामीण व कार्यकर्ता उपस्थित थे।









