जमशेदपुर के गृह रक्षकों को नहीं मिल रही केपीकेबी कैंटीन कार्ड सुविधा

SHARE:

Jamshedpur:जमशेदपुर जिले में तैनात गृह रक्षकों को केपीकेबी (केन्द्रीय पुलिस कल्याण भंडार) कैंटीन कार्ड की सुविधा से वंचित किए जाने को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। इस मुद्दे पर गृहरक्षा वाहिनी लोक सेवक संघ, झारखंड ने अब वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पूर्वी सिंहभूम से औपचारिक शिकायत करने का निर्णय लिया है।
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि जमशेदपुर के गृह रक्षकों को पूर्व में केपीकेबी कैंटीन कार्ड की सुविधा मिलती थी, लेकिन बिना किसी स्पष्ट आदेश या कारण के यह सुविधा बंद कर दी गई। अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि आखिर किन कारणों से जमशेदपुर जिले के गृह रक्षकों से यह लाभ छीना गया।
संघ ने इस मुद्दे पर असमानता का भी आरोप लगाया है। संघ के अनुसार धनबाद जिले के गृह रक्षकों को आज भी केपीकेबी कैंटीन कार्ड की सुविधा मिल रही है, जिससे जमशेदपुर के गृह रक्षकों में गहरा असंतोष व्याप्त है।
संघ के केन्द्रीय संगठन सचिव दिनेश कुमार यादव ने बताया कि गृह रक्षक सीमित मानदेय में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में केपीकेबी कैंटीन कार्ड के माध्यम से आवश्यक वस्तुएं रियायती दर पर मिलने से उन्हें आर्थिक राहत मिल सकती है। उन्होंने कहा कि धनबाद जिले में इस सुविधा के लागू होने से संबंधित प्रमाण की छायाप्रति भी ज्ञापन के साथ संलग्न कर सौंपी जाएगी।
संघ ने मांग की है कि जमशेदपुर जिले के गृह रक्षकों को भी अविलंब केपीकेबी कैंटीन कार्ड निर्गत किया जाए, ताकि राज्य के सभी जिलों में गृह रक्षकों को समान रूप से यह सुविधा मिल सके।
इस संबंध में ज्ञापन की प्रतिलिपि पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-1), पूर्वी सिंहभूम एवं जिला समादेष्टा, गृह रक्षा वाहिनी पूर्वी सिंहभूम को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु शीघ्र प्रेषित की जाएगी।

Leave a Comment