Ranchi:झारखंड की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार और विभागीय फेरबदल अब लगभग तय माना जा रहा है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, खरमास समाप्त होते ही जनवरी 2026 के पहले सप्ताह में नया मंत्रिमंडल औपचारिक रूप ले सकता है।
सरकार के भीतर चल रही मंथन प्रक्रिया में ग्रामीण विकास और वित्त विभाग सबसे ज्यादा चर्चा में हैं, जहां बड़े बदलाव की संभावना जताई जा रही है।
ग्रामीण विकास विभाग बना असंतोष का केंद्र
सूत्रों के मुताबिक, ग्रामीण विकास विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर सरकार और संगठन दोनों स्तरों पर गंभीर नाराजगी है। वर्तमान मंत्री दीपिका पांडे सिंह के कार्यकाल को लेकर विधायकों की शिकायतें लगातार आलाकमान तक पहुंची हैं।
बताया जा रहा है कि—
बीते एक वर्ष में कई जिलों में योजनाओं की प्रगति बेहद धीमी रही
विधायकों को अपेक्षित संसाधन और योजनाएं नहीं मिल सकीं
मंत्री और विभागीय सचिव के बीच समन्वय की कमी सामने आई
लंबित योजनाओं से सरकार की छवि को नुकसान पहुंचा
सूत्रों का दावा है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी विभागीय प्रदर्शन से संतुष्ट नहीं हैं।
ऐसे में बेरमो विधायक अनूप सिंह का नाम मजबूती से उभर रहा है।
कांग्रेस के अंदरूनी समीकरणों में उन्हें मंत्री बनाए जाने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। गौरतलब है कि पिछले कैबिनेट विस्तार में भी उनका नाम अंतिम दौर तक पहुंचा था।
वित्त विभाग में भी बदलाव के संकेत
राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी तेज है कि वित्त विभाग में भी फेरबदल हो सकता है। सूत्रों के अनुसार, मौजूदा वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर की कार्यशैली को लेकर पार्टी आलाकमान असहज है। भाजपा से कांग्रेस में आने के बावजूद उनकी वैचारिक प्रतिबद्धता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
संभावित विकल्प के रूप में
काके विधायक सुरेश बैठा
या फिर वरिष्ठ नेता रामेश्वर उरांव का नाम सामने है
रामेश्वर उरांव पहले भी वित्त विभाग संभाल चुके हैं, प्रशासनिक अनुभव रखते हैं और मुख्यमंत्री के भरोसेमंद माने जाते हैं।
कांग्रेस कोटे में लैंगिक संतुलन पर मंथन
सूत्र बताते हैं कि इस बार कांग्रेस आलाकमान लैंगिक संतुलन को लेकर खास सतर्क है।
पूर्व कांग्रेस कोटे में 4 मंत्री थे, सभी पुरुष
वर्तमान में 2 पुरुष और 2 महिला मंत्री हैं
पार्टी के भीतर यह राय मजबूत है कि
कम से कम एक महिला मंत्री का प्रतिनिधित्व बना रहना चाहिए,
इसी आधार पर 3 पुरुष + 1 महिला के फार्मूले पर गंभीर चर्चा चल रही है।
अन्य संभावित नियुक्तियां
झामुमो से
घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन (पूर्व मंत्री रामदास सोरेन के पुत्र) को मंत्री बनाए जाने की चर्चा
राजद से
वर्तमान मंत्री संजय प्रसाद यादव के स्थान पर
सुरेश पासवान को मौका मिलने की संभावना
सूत्रों के अनुसार, इस विस्तार में झामुमो–कांग्रेस–राजद के बीच जातीय, क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन को विशेष महत्व दिया जाएगा।









