बर्मामाइंस दुर्गा पूजा मैदान को पार्किंग बनाने का विरोध तेज :भाजपा

SHARE:

Jamshedpur:बर्मामाइंस क्षेत्र में बढ़ते धूल प्रदूषण, भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही और जाम की गंभीर समस्या को लेकर भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर ने टाटा स्टील प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि बर्मामाइंस दुर्गा पूजा मैदान को पार्किंग स्थल में तब्दील करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने टाटा स्टील प्रबंधन पर मनमाने फैसले लेने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बर्मामाइंस क्षेत्र में पहले से ही बड़ी कंपनियों की गाड़ियों के लिए पांच पार्किंग स्थल मौजूद हैं, इसके बावजूद बस्ती के लोगों के लिए एकमात्र ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक केंद्र—दुर्गा पूजा मैदान—को पार्किंग में बदलने की साजिश रची जा रही है।
सुधांशु ओझा ने कहा कि वर्षों से यह मैदान बर्मामाइंस वासियों की आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक रहा है। यहां दुर्गा पूजा सहित अनेक सामाजिक और धार्मिक आयोजन होते रहे हैं। ऐसे पवित्र स्थल पर पार्किंग बनाना न केवल जनभावनाओं का अपमान है, बल्कि क्षेत्र की सामाजिक-सांस्कृतिक पहचान पर सीधा हमला भी है।
भाजपा ने टाटा स्टील प्रबंधन से दुर्गा पूजा मैदान में किसी भी प्रकार की पार्किंग योजना पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। साथ ही, बर्मामाइंस जाने वाली सड़क और बर्मामाइंस गोलचक्कर के अविलंब चौड़ीकरण की भी मांग दोहराई गई है, ताकि क्षेत्र को जाम और प्रदूषण से राहत मिल सके।
ओझा ने चेतावनी दी कि यदि टाटा स्टील प्रबंधन ने जनभावनाओं की अनदेखी करते हुए दुर्गा पूजा मैदान में पार्किंग बनाने का प्रयास किया, तो भाजपा सड़क पर उतरकर पुरजोर आंदोलन करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा बर्मामाइंस की जनता के हितों के लिए पहले भी खड़ी रही है और आगे भी मजबूती से खड़ी रहेगी।
भाजपा ने इस पूरे मामले में जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर बर्मामाइंस क्षेत्र की जनता को राहत दिलाने की मांग की है।

Leave a Comment