सरायकेला में सड़क सुरक्षा का संदेश, उप विकास आयुक्त ने जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Seraikela:राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के अवसर पर सरायकेला-खरसावाँ जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर एक सशक्त पहल देखने को मिली। सोमवार को समाहरणालय परिसर से सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों और ग्राम पंचायतों में जाकर आम लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करेगा।
इस मौके पर उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक सहभागिता से ही दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
कार्यक्रम में उपस्थित जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं के अधिकांश मामलों में यातायात नियमों की अनदेखी ही मुख्य कारण बनती है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट के प्रयोग, तेज गति से वाहन न चलाने, नशे की हालत में वाहन परिचालन से बचने और नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न देने की सख्त अपील की।
जागरूकता रथ के माध्यम से पोस्टर, बैनर, ऑडियो संदेश और नुक्कड़ प्रचार द्वारा आम जनता को सड़क सुरक्षा के प्रति सजग किया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि यह अभियान जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.