बहदा गांव में बाबा तिलका माझी जन्मोत्सव की तैयारी को लेकर विशेष बैठक आयोजित

SHARE:

Guwa:छोटानागरा पंचायत अंतर्गत बाईहातु फुटबॉल मैदान में रविवार, 04 जनवरी 2026 को बाबा तिलका माझी जन्मोत्सव की तैयारियों को लेकर एक विशेष और महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सारंडा पीढ़ के परगना रोईदास सोरेन ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य बहदा गांव में आगामी 11 फरवरी 2026 (बुधवार) को आयोजित होने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी बाबा तिलका माझी के जन्मोत्सव को भव्य, ऐतिहासिक और समाज की अस्मिता से जोड़ते हुए सफल बनाने की रणनीति तय करना था।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष का जन्मोत्सव कार्यक्रम विशेष रूप से भव्य स्वरूप में आयोजित किया जाएगा, ताकि बाबा तिलका माझी के संघर्ष, बलिदान और आदिवासी चेतना को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सके। कार्यक्रम में मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जगत माझी को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित करने का प्रस्ताव पारित किया गया।
बैठक के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों, पारंपरिक नृत्य-संगीत, विचार गोष्ठी तथा सामाजिक एकता को मजबूत करने वाले आयोजनों पर विस्तार से चर्चा हुई। विशेष रूप से बाबा तिलका माझी के संघर्षमय जीवन और अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उनके ऐतिहासिक विद्रोह को केंद्र में रखने पर जोर दिया गया।
इस बैठक में संथाल समाज के नौ मौजा के ग्रामीणों की सक्रिय और उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। उपस्थित प्रमुख लोगों में बहदा माझी, डिबराम मरांडी, सोनाराम माझी, सलाई माझी, बाबूराम सोरेन, कुम्बिया मांझी, किसान किस्कू, डोमना सोरेन, धर्मगुटू माझी, रमेश हांसदा, दुबिल माझी, किसान हांसदा, राजेश सोरेन, मंगल हांसदा, गोपाल टुडू सहित कई ग्रामीण बुद्धिजीवी और समाजसेवी शामिल थे।
बैठक के अंत में अध्यक्ष रोईदास सोरेन ने सभी से एकजुट होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बाबा तिलका माझी का जन्मोत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि संथाल समाज की अस्मिता, संघर्ष और स्वाभिमान की पहचान है, जिसे पूरे सम्मान और उत्साह के साथ मनाया जाना चाहिए।

Leave a Comment