पुलिस ने सुलझाया अज्ञात शव हत्याकांड, एक आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

Adityapur:आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत विद्युत नगर जेएमटी–2 में झाड़ी से मिले अज्ञात व्यक्ति के शव मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। अनुसंधान में यह स्पष्ट हुआ कि मृतक की हत्या किसी अज्ञात अपराधकर्मी द्वारा धारदार हथियार से सिर एवं शरीर के अन्य हिस्सों पर वार कर की गई थी। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को झाड़ी में छुपाया गया था।
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सेवइयां के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कांड में संलिप्त एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक की संलिप्तता भी सामने आई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजा पाल (उम्र लगभग 33 वर्ष), पिता भरत पाल के रूप में हुई है।
वर्तमान पता: बजरंग टेकरी, गांधी मैदान के पास, थाना बागबेरा, जिला पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर)
स्थायी पता: ग्राम टिकरापारा, छुहिया तालाब के पास, सिद्धार्थ चौक के नजदीक, थाना टिकरापारा, जिला रायपुर (छत्तीसगढ़)
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक CNG टेंपू (पंजीकरण संख्या JH05DS-7322), घटना में प्रयुक्त एक चाकू तथा मृतक की एक जोड़ी चप्पल बरामद की है। बरामद सामानों के आधार पर पुलिस कड़ी पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सवैया, पु.नि.-सह थाना प्रभारी बिनोद तिर्की, पु.अ.नि. सुधांशु कुमार, विनोद टुडू, सुरेश राम, कमल यादव सहित कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में फैली दहशत कम हुई है और लोगों ने राहत की सांस ली है।

Leave a Comment