Jamshedpur:नववर्ष के अवसर पर टाटानगर केन्द्रीयकृत कर्षण मरम्मत कारखाना के व्हील शॉप कर्मचारियों द्वारा डोबो डैम परिसर में परिवार मिलन सह वनभोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राकृतिक वातावरण के बीच आयोजित इस आयोजन ने कर्मचारियों, उनके परिवारजनों और सहकर्मियों को आपसी आत्मीयता और सौहार्द के सूत्र में बांध दिया।
कार्यक्रम का आयोजन सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जबकि विभाग के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता निलेश कुमार का पूर्ण सहयोग रहा। इस अवसर पर संतोष कुमार ने कहा कि “ऐसे पिकनिक और पारिवारिक आयोजन कर्मचारियों के बीच टीम भावना को मजबूत करते हैं, जिससे कार्यस्थल पर समन्वय और आपसी सहयोग बेहतर होता है।”
परिवार मिलन कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों के परिवारजनों—विशेषकर महिलाओं और बच्चों—का कार्यरत कर्मचारियों एवं अधिकारियों से परिचय कराना था, ताकि आपात स्थिति में पारिवारिक सहयोग की भावना को और अधिक सशक्त बनाया जा सके। साथ ही, सहकर्मी कर्मचारियों के बीच आपसी समझ और टीम वर्क को मजबूती प्रदान करना भी इस आयोजन का अहम लक्ष्य रहा।
इस अवसर पर चाईबासा, सीनी, आदित्यपुर, घाटशिला एवं चाकुलिया से आए कर्मचारियों ने अपने-अपने परिवारों के साथ सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान हास्य कवि सम्मेलन और महिलाओं की मिमिक्री प्रस्तुतियों ने सभी को खूब गुदगुदाया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर वर्ग ने इस यादगार दिन का भरपूर आनंद उठाया।
वनभोज सह मिलन समारोह में विभाग के लगभग 80 कर्मचारियों ने अपने परिवारों के साथ उल्लासपूर्ण माहौल में सहभागिता निभाई। पूरे आयोजन में आपसी भाईचारे, अनुशासन और संगठनात्मक एकता की झलक स्पष्ट रूप से देखने को मिली।









