बंगीय उत्सव समिति का प्रांतीय सम्मेलन सम्पन्न, 1 फरवरी को बिष्टुपुर में भव्य आयोजन तय

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur:सामाजिक-सांस्कृतिक संगठन बंगीय उत्सव समिति के तत्वावधान में रविवार को गालूडीह में आयोजित प्रांतीय सम्मेलन में बांग्ला भाषा और संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन को लेकर गहन मंथन हुआ। सम्मेलन का माहौल उत्साह और एकजुटता से भरा रहा, जहाँ कोल्हान सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे बांग्लाभाषी प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
सम्मेलन की अध्यक्षता शुभंकर चटर्जी, प्रकाश मुखर्जी, इंद्रजीत घोष, अपर्णा गुहा एवं उत्तम गुहा ने संयुक्त रूप से की। बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी 1 फरवरी को बिष्टुपुर गोपाल मैदान में आयोजित होने वाले बंगीय उत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप देना रहा।
बैठक में घाटशिला, पटमदा, गालूडीह, बहरागोड़ा, जमशेदपुर, पोटका, चांडिल और कटिंग समेत विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिनिधिमंडलों ने आयोजन की रूपरेखा पर अपने सुझाव रखे। सर्वसम्मति से दायित्वों का बंटवारा करते हुए अरूप चौधरी को घाटशिला, मदन सरकार को पटमदा और आनंद दास को पोटका क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई।
निर्णय लिया गया कि 1 फरवरी की सुबह साहित्यिक सत्र आयोजित होगा, जिसमें झारखंड के विभिन्न प्रांतों से आए साहित्यकार बांग्ला भाषा के उत्थान और समकालीन चुनौतियों पर विचार साझा करेंगे। वहीं संध्याकालीन सत्र में बांग्ला पार्श गायक-गायिकाओं और मानभूम क्षेत्र के लोक कलाकारों की संगीतमय प्रस्तुतियाँ होंगी, जो उत्सव को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर करेंगी।
इस अवसर पर अमित माइती, सुभाष सिंहराय, निशित गिरी, नानटू सरकार, नीता सरकार, बाबूलाल चक्रबर्ती सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सम्मेलन ने स्पष्ट संकेत दिया कि बंगीय उत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि भाषा, साहित्य और संस्कृति के साझा मंच के रूप में और अधिक व्यापक रूप ले रहा है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.